भारतीय गोल्फर शिव कपूर को आखिरी होल में दो बोगी करना महंगा पड़ा गया जिससे वह पैनासोनिक ओपन के तीसरे आखिरी दौर में हमवतन एस चिक्कारंगप्पा के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर खिसक गए। कोरिया के 17 वर्षीय जोह्युंग किम ने सात अंडर 65 का कार्ड खेल कुल 13 अंडर 203 के स्कोर के साथ खिताब जीता। पिछले सप्ताह थाईलैंड ओपन में संयुक्त रूप से शीर्ष पर रहने के बाद प्लेऑफ में दूसरे स्थान पर खिसकने वाले कपूर ने रविवार को यहां दो अंडर 70 का कार्ड खेला जिससे उनका कुल स्कोर 12 अंडर 204 का रहा। चिक्कारंगप्पा ने पांच अंडर 67 का कार्ड खेला।
अन्य भारतीयों में विक्रांत चोपड़ा (10 अंडर 206) और वीर अहलावत (आठ अंडर 208) ने क्रमश: संयुक्त पांचवें और संयुक्त आठवें स्थान के साथ करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। अर्जुन प्रसाद और एम धर्मा (सात अंडर 209) संयुक्त 11वें जबकि ओम प्रकाश चौहान, करणदीप कोचर, खालिन जोशी और राशिद खान (सभी छह अंडर 210) के स्कोर के साथ संयुक्त 14वें स्थान पर रहे। धुंध से खराब दृश्यता के कारण पहले दौर का खेल प्रभावित होने के बाद इस प्रतियोगिता को तीन दौर का कर दिया गया था।
शिव और चिक्कारंगप्पा रहे संयुक्त दूसरे नंबर पर, किम ने जीता खिताब